गोविन्दपुर अंचल के गोसाईंडीह में 1.30 एकड़ गैर आबाद भूमि पर चाहरदिवारी, मुख्य पथ संकीर्ण

ग्रामीणों ने उपायुक्त से कार्रवाई की मांग की

धनबाद। गोविन्दपुर अंचल अंतर्गत मौजा गोसाईंडीह (मौजा नंबर-127) में पुराना गैर आबाद खाता नंबर-38, पुराना प्लॉट नंबर-257 की 1.30 एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से चाहरदिवारी कर दी गई है। इससे दर्जनों किसानों का अपने खेतों तक जाने का रास्ता बंद हो गया है। सरकारी कुआं भी परिसर में घुसा लिया गया है और गोसाईंडीह-कालाडीह मुख्य ग्रामीण पथ का अतिक्रमण कर रास्ता संकीर्ण बना दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने उपायुक्त को भेजे विस्तृत पत्र में इन आरोपों का जिक्र करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि उक्त भूमि पुराना गैर आबाद खाता नंबर-38 की है। पहले गोसाईंडीह के पुस्तैनी निवासी प्रयाग गोसाईं, काशी गोसाईं, बदरी गोसाई, तारणी गोसाई, जानकी गोसाई और शंकर गोसाईं इसका उपयोग खलिहान के रूप में करते थे। यह भूमि सार्वजनिक कार्यों के लिए भी इस्तेमाल होती थी। प्लॉट ग्रामीण रास्ते से सटा हुआ है और इसके पीछे 10 एकड़ से अधिक रैयती खेत तथा अन्य जमीन फैली हुई है। पहले दर्जनों किसान इसी सरकारी प्लॉट से होकर हल-बैल, बैलगाड़ी और ट्रैक्टर लेकर अपनी कृषि भूमि पर जाते थे। ग्रामीणों का आरोप है कि गोसाईंडीह निवासी अनिल गिरि गोस्वामी (पिता-स्व. धनेश्वर गोस्वामी) ने इस प्लॉट के करीब आधे हिस्से पर घेराबंदी कर दी है। परिणामस्वरूप किसानों को अपनी रैयती कृषि योग्य भूमि पर आने-जाने में भारी कठिनाई हो रही है। खेती-बाड़ी और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो गए हैं। पत्र के अनुसार, वर्ष 1980-81 में इसी प्लॉट पर एक सरकारी कुआं का निर्माण कराया गया था। ग्रामीण विभिन्न कार्यों के साथ-साथ राहगीर भी इसका जल पीने के लिए उपयोग करते थे। आरोप है कि अनिल गिरि गोस्वामी ने इस सरकारी कुआं को भी प्लॉट नंबर-257 के साथ अपने परिसर में शामिल कर लिया है, जिससे कुआं अब उनकी व्यक्तिगत संपत्ति बन गया है। उक्त सरकारी प्लॉट से ठीक सटा ग्रामीण रास्ता उत्तर दिशा में कालाडीह गांव, कामख्या नगर और इस्कॉन मंदिर की ओर जाता है। इस रास्ते की जमीन का भी अतिक्रमण कर चाहरदिवारी खड़ी कर दी गई है। इससे रास्ता इतना संकीर्ण हो गया है कि दो छोटी गाड़ियां भी आसानी से पार नहीं हो पातीं। सबसे गंभीर आरोप यह है कि पुराना गैर आबाद खाता नंबर-38, पुराना प्लॉट नंबर-257 की सरकारी भूमि को गलत और फर्जी दस्तावेजों के सहारे हाल रैयती खाता नंबर-38 में शामिल कर लिया गया है। इसका नया प्लॉट नंबर-239 बना दिया गया है।

सीओ को कार्रवाई के लिए निर्देशित करने की उपायुक्त से गुहार

ग्रामीणों ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि पुराना गैर आबाद खाता नंबर-38 और प्लॉट नंबर-257 के दस्तावेजों की गहन जांच कराई जाए तथा विधिसम्मत कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया जाए। अनिल गिरि गोस्वामी द्वारा खड़ी की गई अवरोध दीवारों को तोड़कर किसानों का रास्ता तत्काल खोला जाए। सरकारी कुआं को चाहरदिवारी से मुक्त कर सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए । सरकारी मापी के आधार पर गोसाईंडीह-कालाडीह मुख्य पथ पर किये गये अतिक्रमण और बाउण्ड्री को हटवाया जाए। झारखण्ड भूमि सुधार अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्लॉट नंबर-257 (1.30 एकड़) पर कार्रवाई कर सरकारी भूमि को बचाया जाए। इस भूमि को नया गैर आबाद खाता नंबर-121 में शामिल करने के लिए गोविन्दपुर अंचलाधिकारी को सिविल मामला दायर करने का निर्देश दिया जाए, ताकि भविष्य में इसका उपयोग सरकारी प्रयोजनों के लिए किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *