आखिर क्यों रामराज मंदिर पर मंडरा रहा खतरा….

धनबाद में अपराध और अवैध खनन पर बरसे समाजसेवी कन्हाई चौहान

​धनबाद । जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और अवैध खनन को लेकर समाजसेवी कन्हाई चौहान ने मंगलवार को धनबाद के गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान तीखे तेवर अपनाए। उन्होंने धनबाद की गिरती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन और स्थानीय सांसद पर कड़े प्रहार किए। ​कन्हाई चौहान ने कहा कि हाल के दिनों में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने शुभम यादव की हत्या का जिक्र करते हुए प्रशासन को घेरा। चौहान ने कहा, “घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है, जो पुलिस की विफलता और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति को दर्शाता है।” उन्होंने मांग की कि अपराधियों पर तुरंत कार्रवाई हो ताकि जनता का प्रशासन पर भरोसा कायम रहे।

अवैध खनन को लेकर सांसद पर बड़े आरोप :

​ मुख्य केंद्र धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो पर लगाए गए आरोप रहे। कन्हाई चौहान ने दावा किया कि जिले में 80% अवैध खनन का काम सांसद के संरक्षण में हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सांसद दिल्ली जाकर अवैध खनन रोकने की बात करते हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है।
​चौहान ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि रामराज मंदिर के पास हो रहे अवैध खनन के कारण खुदिया नदी का पानी अब मंदिर परिसर में प्रवेश कर रहा है, जिससे मंदिर को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा है और कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने सांसद को चुनौती दी कि यदि उनके आरोप गलत हैं, तो किसी भी एजेंसी से इसकी जांच कराई जाए या उन पर एफआईआर दर्ज की जाए। ​कन्हाई चौहान ने कोयला चोरी के मुद्दे पर बीसीसीएल (BCCL) और सीआईएसएफ (CISF) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों की तैनाती के बावजूद जिले में कोयला चोरी और अवैध खनन का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे प्रशासन और इन एजेंसियों की मिलीभगत की आशंका होती है।​अंत में, कन्हाई चौहान ने चेतावनी दी कि यदि जिले की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आम जनता और ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “यदि जरूरत पड़ी तो लोग खुद सड़क पर उतरकर अवैध कोयला लदे ट्रकों को रोकने का काम करेंगे।” उन्होंने अन्य जनप्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे अवैध कारोबार के खिलाफ सड़क पर उतरकर जिले में कानून का राज स्थापित करने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *