बेलगड़िया के लोगों को मिलेगा विशेष लाभ
धनबाद। सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के बलियापुर अंचल में आमटाल एवं धोखरा पंचायत में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण की योजना लंबे समय से जमीन हस्तांतरण के प्रशासनिक पेंच में लटकी हुई है। हालांकि जिला खेल पदाधिकारी ने अब इस अड़चन को दूर करने के लिए जिला प्रशासन को अंतर-विभागीय भूमि हस्तांतरण का अधियाचना पत्र भेज दिया है। बता दें कि इस स्टेडियम का विशेष लाभ बेलगड़िया के लोगों को मिलेगा ।
जिला खेल पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्वीकार किया गया है कि स्टेडियम निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर ली गई थी, लेकिन विभागीय अधियाचना पत्र उपलब्ध न होने के कारण अंतर-विभागीय हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इस वजह से परियोजना महीनों से अटकी पड़ी है।
पिछले पत्राचार में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि अधियाचना पत्र न होने के कारण अग्रेतर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा ने बताया कि जमीन हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्टेडियम के लिए डीपीआर तैयार किया जाएगा। आमतौर पर एक मॉडल स्टेडियम 2.5 एकड़ जमीन पर 67 लाख रुपए की लगत से बनता है। यहां बनने वाली स्टेडियम की जमीन का रकवा अबतक फाइनल नहीं हुआ है जिसके कारण आगे की प्रक्रिया रुकी हुई है।
सिंदरी विधायक ने किया प्रयास :

सिंदरी विधानसभा अंतर्गत स्टेडियम निर्माण के लिए धनबाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया था। जिसके बाद उपायुक्त ने इस पर तत्परता दिखाते हुए जिला खेल पदाधिकारी को भूमि निरीक्षण के लिए भेजा। निरीक्षण के दौरान धोखरा और आमटाल मौजा की 10.96 जमीन चिन्हित की गई । इन दोनों मौजा अंतर्गत खाता संख्या 596 की 6.03 एकड़ और खाता संख्या 4871 की 4.98 एकड़ जमीन चिन्हित की गई। जमीन निरीक्षण के बाद भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया के लिए पहल की गई जो विभागीय सुस्ती का शिकार है। सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि इस स्टेडियम के बनने से बलियापुर के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा ।
30 मई की समीक्षा बैठक में भी उठा मुद्दा :
30 मई को उपायुक्त धनबाद की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षात्मक बैठक में इस योजना की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का निर्णय लिया और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसी बैठक के फैसले के बाद जिला खेल पदाधिकारी ने अधियाचना पत्र सौंपा है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि भूमि हस्तांतरण से जुड़ी सभी वैधानिक और विभागीय औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी की जाएं, ताकि स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।
