बीसीसीएल आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा अतिक्रमण मामले की कर रही जांच
धनबाद । झारखंड विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर धनबाद जिला अंतर्गत बीसीसीएल (BCCL) क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण और रैयती भूमि पर ओपी डंप से संबंधित जांच के लिए गठित विशेष समिति का कार्यकाल तीन माह के लिए बढ़ा दिया गया है।
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह निर्णय झारखंड विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन के नियम 223 (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया है। यह मामला पूर्व में चंद्रदेव महतो और अरूप चटर्जी द्वारा सदन में ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया गया था, जिसमें राजस्व भूमि पर अवैध कब्जे, रैयती जमीन पर डंपिंग रोकने, पीड़ित ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी।
इस विशेष समिति में मथुरा प्रसाद महतो संयोजक है, जबकि अरूप चटर्जी, राज सिन्हा, उमाकांत रजक, चंद्रदेव महतो, सुदीप गुड़िया और धन्नजय सोरेन सदस्य के रूप में शामिल हैं। समिति अब विस्तारित अवधि के दौरान मामले की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
