झरिया में जनता श्रमिक संघ की अहम बैठक, संजीव सिंह और रागिनी सिंह रही मौजूद

धनबाद । झरिया में बुधवार को जनता श्रमिक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह ने की। इस अवसर पर झरिया विधायक सह जनता श्रमिक संघ की महामंत्री रागिनी सिंह तथा धनबाद के पूर्व मेयर सह संघ सदस्य संजीव सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि लंबे समय से बैठक आयोजित नहीं हो पाने के कारण कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित थे, जिन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। उन्होंने संगठन को पुनः सक्रिय और सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि बीसीसीएल के मजदूरों की हर समस्या पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया है। वहीं, संजीव सिंह ने आउटसोर्सिंग क्षेत्र की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वहां मजदूरों से 12 से 13 घंटे तक काम लिया जा रहा है, जो श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मजदूरों को उनका हक दिलाने के लिए संगठन जरूरत पड़ने पर आंदोलन का रास्ता भी अपनाएगा।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन जनता श्रमिक संघ के संयुक्त महामंत्री के. डी. पांडेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप सिन्हा द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में संयुक्त महामंत्री लक्की सिंह, केंद्रीय सचिव संजय यादव, सत्येंद्र सिंह, मुद्रिका पासवान सहित कई अन्य पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।
