बाघमारा विधायक प्रतिनिधि ने कतरास थाना में आवेदन सौंपा
धनबाद । कतरास थाना क्षेत्र में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक चैनल और उसके संपादक के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराने की मांग की गई है। बाघमारा विधायक प्रतिनिधि विवेक कुमार ने कटरास थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर इस मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। शिकायतकर्ता विवेक कुमार ने अपने आवेदन में स्पष्ट आरोप लगाया है कि चैनल के माध्यम से प्रसारित एक समाचार में धनबाद के सांसद ढुलू महतो का नाम कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के साथ जोड़कर पेश किया गया है। विवेक कुमार का कहना है कि यह प्रसारण पूरी तरह से भ्रामक, तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण है। उनका दावा है कि इस खबर का एकमात्र उद्देश्य क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि की छवि को जनमानस में धूमिल करना और आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करना है।
भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 का हवाला देते हुए शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य मानहानि की श्रेणी में आता है और इसके लिए कठोर कानूनी सजा का प्रावधान है। विवेक कुमार ने थाना प्रभारी से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित चैनल, संपादक तथा अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
इसके साथ ही, भविष्य में इस तरह की भ्रामक खबरों के प्रसारण पर रोक लगाने की अपील भी की गई है। शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते विधि सम्मत कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित और जनभावनाओं को देखते हुए उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
