धनबाद । संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ ‘मेजर’ को दुबई से भारत लाए जाने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, उसे रविवार शाम तक धनबाद लाया जाएगा, जहां आगे की जांच की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, सैफी लंबे समय से झारखंड के व्यवसायियों के लिए आतंक का पर्याय बना हुआ था। वह प्रिंस खान के इशारे पर व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलता था। सूत्रों ने बताया कि गैंग के संचालन में उसकी अहम भूमिका थी, जिसमें रंगदारी की वसूली का समन्वय और अवैध वित्तीय लेनदेन को अंजाम देना शामिल था।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सैफी पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। जैसे ही उसे दुबई से भारत लाया गया, कोलकाता एयरपोर्ट पर ही उसे दबोच लिया गया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान गैंग से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि प्रिंस खान, जिस पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं, ने अपना ठिकाना दुबई से बदलकर पाकिस्तान कर लिया है। यह गिरोह झारखंड के बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाकर रंगदारी की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजता रहा है।
अधिकारियों ने इस गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ अभियान में एक बड़ी कामयाबी बताया है।
