
पूर्व प्रमुख का घर जमींदोज, NH-32 पर उग्र प्रदर्शन
रात 10 बजे मचा हड़कंप; सड़क, घर और बिजली के खंभे धंसे; CISF और पुलिस बल मौके पर तैनात

कतरास। सोनारडीह इलाके के टांडाबाड़ी में गुरुवार देर रात करीब 10 बजे अचानक हुए भीषण भू-धंसान से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में लगभग आधी बस्ती करीब 20 फीट नीचे धंस गई। भू-धंसान की चपेट में आने से पूर्व प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया का घर भी पूरी तरह जमींदोज हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक घर के पास खड़ी कार भी मलबे में फंस गई, जबकि देखते-ही-देखते कई अन्य घर, सड़क का हिस्सा और बिजली के खंभे जमीन में समा गए। इस अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग अपने घरों से बाहर की ओर भागे, इस दौरान मची भगदड़ में कई लोग चोटिल हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि दर्जनों परिवार बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए NH-32 को जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही CISF की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास कर रही है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं, वहीं प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
