खतरनाक स्थिति में ‘केंदुआडीह थाना’, नए भवन के लिए जमीन चिह्नित
स्मार्ट थाना बनाने के लिए एसएसपी ने आईजी को लिखा पत्र

धनबाद । जिले का केंदुआडीह थाना अब अपने अस्तित्व को लेकर गंभीर संकट से जूझ रहा है। थाने का वर्तमान भवन न केवल अत्यंत पुराना और जर्जर हो चुका है, बल्कि यह क्षेत्र में हो रही प्राकृतिक और औद्योगिक आपदाओं के केंद्र में स्थित है। स्थिति इतनी विकराल हो चुकी है कि पुलिसकर्मियों के लिए यहां बैठकर काम करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसे लेकर धनबाद एसएसपी ने आईजी को पत्र लिखकर केंदुआडीह थाने को स्मार्ट थाना बनाने की मंजूरी का अनुरोध किया है। केंदुआडीह थाना भवन के आसपास लगातार गैस रिसाव और भू-धसान की घटनाएं हो रही हैं। यह स्थिति न केवल भवन को असुरक्षित बनाती है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हुई है। गैस रिसाव के कारण अब तक 3 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 60 से 70 लोग गैस की चपेट में आने से बीमार हो चुके हैं, जिनका इलाज कराया गया है।
स्थानांतरण की कवायद :
लगातार खतरे को देखते हुए, बीसीसीएल के अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद थाने को वहां से हटाने की सलाह दी है। बीसीसीएल ने सुझाव दिया है कि थाने को केंदुआपुल के पास स्थित खाली पड़े बीएसएनएल एक्सचेंज भवन में स्थानांतरित किया जाए। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा बीसीसीएल को पत्र लिखकर उक्त भवन की मरम्मत कराने का आग्रह किया गया था ताकि थाना वहां शिफ्ट हो सके।
नए ‘स्मार्ट थाना’ भवन के लिए 4.25 एकड़ जमीन चिह्नित :
प्रशासन ने अब एक स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नए ‘स्मार्ट थाना’ भवन के निर्माण का निर्णय लिया है। अंचल अधिकारी, पुटकी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, नए भवन के लिए कुल 4.25 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। चूंकि चिह्नित भूमि बीसीसीएल (BCCL) के अधीन है और उस पर बने भवन बीएसएनएल के हैं, इसलिए वरीय पुलिस अधीक्षक ने पत्र लिखकर दोनों संस्थानों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने का अनुरोध किया है।
वरिय पुलिस अधीक्षक ने अब उच्च अधिकारियों से आग्रह किया है कि उक्त भूमि पर स्मार्ट थाना भवन के निर्माण हेतु त्वरित और आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता और पुलिस बल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और थाना अपना कामकाज सुचारू रूप से संचालित कर सके।
भूमि का विवरण:
खंड 1:
मौजा का नाम/संख्या: केंदुआडीह/63
प्लॉट संख्या: 106
क्षेत्रफल: 1.25 एकड़
भूमि की स्थिति: इस भूमि पर वर्तमान में बीसीसीएल (BCCL) का क्वार्टर एवं कार्यालय स्थित है।
खंड 2:
मौजा का नाम/संख्या: केंदुआडीह/63
प्लॉट संख्या: 106
क्षेत्रफल: 3.00 एकड़
भूमि की स्थिति: यह परती (खाली) भूमि है।
