मुगमा में कोयला खनन के लिए बदलेगा डी.बी. रोड का रास्ता

धनबाद । निरसा अंचल के अंतर्गत मुगमा क्षेत्र में कोयला उत्पादन की बाधाओं को दूर करने के लिए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने अब प्रशासनिक स्तर पर बड़ी पहल शुरू की है। ईसीएल प्रबंधन ने धनबाद के उप-विकास आयुक्त को पत्र लिखकर चापापुर-II खुली खदान परियोजना के विस्तार के मार्ग में आ रही डी.बी. रोड के मार्ग में परिवर्तन यानी डायवर्जन की आधिकारिक मांग की है। कंपनी का तर्क है कि 9.88 मिलियन टन क्षमता वाली इस विशाल परियोजना से सुचारू रूप से कोयला उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए सड़क का वर्तमान स्थान से हटना तकनीकी रूप से अनिवार्य हो गया है।
इस भौगोलिक बदलाव का सीधा असर रामकनाली, धुरा, सलगोरिया, देबियाणा और पतरकुली जैसे मौजों पर पड़ेगा, जहां से परियोजना का विस्तार होना तय है। ईसीएल ने प्रशासन को सौंपे गए दस्तावेजों में वर्तमान मार्ग और प्रस्तावित नए रास्ते का नक्शा भी संलग्न किया है, ताकि सरकारी प्रावधानों के तहत सड़क हस्तांतरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके। प्रबंधन ने जोर देकर कहा है कि यह कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और खनन कार्यों में आने वाली रुकावटों को समाप्त करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *