बार-बार पत्राचार के बाद भी नहीं जागा गोविंदपुर अंचल

धनबाद। सरकारी महकमे में फाइलों और पत्रों के जरिए काम कराने की व्यवस्था है, लेकिन गोविंदपुर अंचल कार्यालय में कृषि उत्पादन बाजार समिति के बार-बार के पत्राचार का असर होता नहीं दिख रहा है। बाजार समिति की अर्जित भूमि का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने और उसका लगान निर्धारित करने के लिए एक-दो नहीं, बल्कि कई बार पत्र भेजे गए। यहां तक कि अनुमंडल पदाधिकारी ने भी आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया, लेकिन इसके बावजूद गोविंदपुर सीओ कार्यालय की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। स्थिति यह है कि बार-बार पत्र भेजे जाने के बावजूद गोविंदपुर सीओ के कानों पर जैसे जूं तक नहीं रेंगी। कृषि उत्पादन बाजार समिति, धनबाद के पणन सचिव ने एक बार फिर गोविंदपुर अंचल अधिकारी को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि मुख्य बाजार प्रांगण के लिए अर्जित की गई भूमि को ऑनलाइन दर्ज करने और उसका निर्धारित लगान तय करने के लिए पूर्व में लगातार पत्राचार किया जा चुका है । समिति ने अपने पूर्व के पत्रों का हवाला देते हुए बताया कि 31 अक्टूबर 2025, 7 नवंबर 2025, 27 जनवरी 2026 और 29 अप्रैल 2026 को अंचल कार्यालय को पत्र भेजे गए थे। इसके बावजूद जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने और लगान निर्धारण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। मामला यहीं नहीं रुका। अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद ने भी 12 मई 2026 को पत्र जारी कर संबंधित कार्य करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी अंचल कार्यालय की ओर से बाजार समिति को कोई सूचना नहीं दी गई। यानी बाजार समिति के पत्र भी बेअसर और एसडीओ का निर्देश भी बेनतीजा। बाजार समिति ने अपने ताजा पत्र में स्पष्ट किया है कि मुख्य बाजार प्रांगण की भूमि अर्जित भूमि है और उसका ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करना तथा लगान निर्धारित करना आवश्यक है। समिति ने अंचल अधिकारी से तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमि का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज कराने, निर्धारित लगान तय करने और इसकी सूचना उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *