बलियापुर में कोयला माफिया का आतंक: प्रमुख पिंकी देवी ने लगाया बड़ा आरोप

धनबाद । झारखंड के बलियापुर अंचल क्षेत्र में कोयला माफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध खनन और रात के अंधेरे में कोयले की तस्करी का गंभीर आरोप लगाया गया है। प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी ने इस संबंध में अंचल अधिकारी बलियापुर को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में प्रमुख पिंकी देवी ने बताया कि बलियापुर अंचल के सुरूँगा पहाड़ीगोड़ा, चाँदकुईयाँ, निचितपुर सहित कई जगहों पर कोयला माफिया सक्रिय हैं। गणेश यादव, बिट्टु यादव और उनके सहयोगी सुरूँगा पहाड़ीगोड़ा में अवैध रूप से कोयले की खदान चलाकर बड़े-बड़े वाहनों से रात भर कोयले की तस्करी कर रहे हैं।
इसी प्रकार पलानी पंचायत के निचितपुर, बजंरगी हार्डकोक भट्टा के अनिल सिंह, आमझर पुल के समीप जितु अग्रवाल, अंकज सिंह आदि द्वारा भी भार वाहनों से अवैध कोयला खरीद-बिक्री का धंधा चलाया जा रहा है।
पिंकी देवी ने पत्र में सख्त शब्दों में लिखा कि बलियापुर अंचल क्षेत्र में तीन थाना होने के बावजूद सभी के नाक के नीचे से यह अवैध धंधा खुलेआम चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की सम्पत्ति को इस तरह लुटने देना कतई उचित नहीं है। इससे साफ प्रतीत होता है कि बलियापुर अंचल क्षेत्र में सरकारी सम्पत्ति का लूट-खसोट बड़े पैमाने पर चल रहा है।
प्रमुख ने अंचल अधिकारी से अवैध कोयला उत्खनन और तस्करी को तुरंत रोकने की अपील की है।
