राज्य सरकार के संयुक्त सचिव ने डीसी को लिखा पत्र

दोनों प्रखंड में 60 डिसमिल जमीन की मांग

धनबाद । धनबाद जिले के दो बड़े औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों, कतरास और निरसा के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड सरकार ने इन दोनों क्षेत्रों में आधुनिक अग्निशमन कार्यालय-सह-आवासीय भवन बनाने का निर्णय लिया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राज्य सरकार के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश तिवारी ने धनबाद जिला प्रशासन को निर्देश जारी किए हैं। सरकार की मंशा साफ है कि अग्निशमन सेवाओं को अनुमंडल और प्रखंड स्तर तक पहुँचाना। प्रत्येक स्टेशन के लिए 60.26 डिसमिल जमीन की मांग की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रखंड या अनुमंडल कार्यालय परिसर में जमीन उपलब्ध है, तो उसे प्राथमिकता दी जाए ताकि प्रशासनिक तालमेल बेहतर रहे।

कतरास और निरसा के बहुत जरूरी :

धनबाद का यह इलाका न केवल कोयला खनन के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां घनी आबादी और बड़े बाजार भी हैं।कतरास व्यापारिक केंद्र होने के कारण यहां आग लगने की स्थिति में धनबाद शहर से दमकल आने में काफी समय लग जाता है।
निरसा औद्योगिक बेल्ट और एनएच से सटे होने के कारण यहां सड़क दुर्घटनाओं और उद्योगों में आग लगने का खतरा बना रहता है। स्थानीय स्तर पर स्टेशन होने से ‘गोल्डन ऑवर’ में राहत कार्य शुरू हो सकेगा।
सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 18 प्रस्तावित केंद्रों में से 9 की रिपोर्ट मिल चुकी है, लेकिन धनबाद के इन दो केंद्रों की विस्तृत रिपोर्ट (नजरी नक्शा और भूमि विवरण) अभी भी लंबित है। सरकार ने इसे अत्यावश्यक’ घोषित करते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है ताकि बजट आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।

सिर्फ ऑफिस नहीं, रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स भी बनेगा :

यह योजना केवल एक गैरेज या कार्यालय तक सीमित नहीं है। यहां दमकलकर्मियों के लिए आवासीय परिसर भी बनाया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि अग्निशमन कर्मी 24 घंटे मौके पर तैनात रहेंगे, जिससे आपातकालीन स्थिति में उनकी प्रतिक्रिया की गति काफी तेज होगी। राज्य में आगजनी एवं आपदा की घटनाओं में निरंतर वृद्धि के मद्देनजर अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है। धनबाद प्रशासन को वांछित प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *