बरोरा के मंडल केंदुआडीह में अवैध खनन के कारण भू-धंसान का खतरा

ग्रामीणों का शीघ्र पुनर्वास जरूरी : बीसीसीएल

बरोरा जीएम ने बाघमारा सीओ से आपदा प्रबंधन को जानकारी देने का किया आग्रह

धनबाद । बाघमारा प्रखंड के मंडल केंदुआडीह ग्राम में अवैध कोयला खनन के चलते भू-धंसान का खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक ने अंचल अधिकारी, बाघमारा को पत्र लिखकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को तुरंत सूचित करने का अनुरोध किया है।
पत्र में बताया गया है कि 6 जून को अंचल अधिकारी के कार्यालय में आयोजित बैठक में बीसीसीएल अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी। बैठक में अवगत कराया गया कि मंडल केंदुआडीह ग्राम अवैध खनन से बुरी तरह प्रभावित है। अवैध उत्खनन के कारण क्षेत्र में पार्टिंग (कोयला स्तरों के बीच की परत) अत्यंत पतली हो चुकी है, जिससे पूरा इलाका अत्यधिक संवेदनशील और जोखिमपूर्ण हो गया है। किसी भी समय बड़े पैमाने पर भू-धंसान की घटना घट सकती है, जिसमें जन-धन की भारी क्षति होने की आशंका है।
बीसीसीएल ने पूर्व में भी इस खतरे से प्रशासन को अवगत कराया था। 14 अप्रैल को परियोजना पदाधिकारी, एएमपी कोलियरी ने अंचल अधिकारी को अवैध खनन और संभावित भू-धंसान के खतरे की जानकारी दी थी। इसके अलावा क्षेत्र की संवेदनशीलता पर तैयार प्रतिवेदन झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण को भी उपलब्ध कराया जा चुका है।
बैठक के दौरान बीसीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि ग्रामवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनका शीघ्र पुनर्वास कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरण अत्यंत आवश्यक है। इस कार्य में बीसीसीएल पूर्ण सहयोग देने को तैयार है।
पत्र में अंचल अधिकारी से अनुरोध किया गया है कि वे आपदा प्रबंधन को तुरंत इस गंभीर स्थिति से अवगत कराएं, ताकि सक्षम स्तर पर जोखिम मूल्यांकन, निवारक उपाय, पुनर्वास योजना और अन्य आवश्यक कार्रवाई समय रहते शुरू की जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों में इस खतरे को लेकर भारी चिंता व्याप्त है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जल्द ले संज्ञान : जीएम

बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक ने पत्र में लिखा है, “उपरोक्त तथ्यों एवं संभावित जोखिम की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को अविलंब अवगत कराने की कृपा की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से जन-धन की हानि को रोका जा सके। इसके साथ ही पुनर्वास की प्रक्रिया तेज की जाए ।

अवैध खनन ही भू धसान की मुख्य वजह:

बरोरा जीएम द्वारा बाघमारा सीओ को भेजे गए पत्र में यह साफ है कि भू धसान की मुख्य वजह अवैध खनन ही है। इसके बावजूद अवैध खनन रोकने के लिए बीसीसीएल के पास कोई ठोस रणनीति नहीं है। बीसीसीएल के पास अपनी सुरक्षा व्यवस्था है, इसके बावजूद बाघमारा क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध खनन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *