
धनबाद, 14 मार्च 2026:
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को धैया स्थित रानी तालाब परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई की गई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे सहित जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी और नगर निगम के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे। सभी ने सुबह करीब 6:30 बजे से अभियान में भाग लेकर श्रमदान किया और परिसर की साफ-सफाई में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि नगर निगम द्वारा रानी तालाब परिसर में चलाया गया यह अभियान सराहनीय है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है, इसलिए यहां सफाई अभियान चलाकर एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि इसी तरह जिले के सभी वार्डों में एक-एक जलाशय को चिन्हित कर हर माह एक दिन सफाई अभियान चलाने की योजना बनाई जा रही है। जिस वार्ड का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहेगा, वहां विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जलाशयों में किसी भी प्रकार का कचरा या पूजन सामग्री न फेंकें और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते निर्माण और आबादी के कारण शहर में जलाशयों की संख्या लगातार घट रही है, इसलिए इनके संरक्षण के लिए सभी को आगे आना होगा।
उपायुक्त ने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर और आसपास के क्षेत्र की सफाई करने की अपील की। साथ ही वार्ड पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने वार्ड में ऐसे स्थानों की पहचान करें, जहां सफाई और सुधार की सबसे अधिक जरूरत है। नगर निगम की टीम के साथ मिलकर ऐसे स्थानों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि इस तरह के सामूहिक प्रयासों से शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और जलाशयों के संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।
