शक्ति प्रदर्शन: सांसद और विधायक के गढ़ में मेयर की धमक, चुनावी समीकरण बदलने के संकेत

कतरास । बाघमारा विधानसभा के राजनीतिक रणक्षेत्र में रविवार को धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह ने अपनी ‘आभार यात्रा’ के जरिए एक बड़ा सियासी धमाका किया। सांसद ढुल्लू महतो और विधायक शत्रुघ्न महतो के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में उमड़ी हजारों की भीड़ ने न केवल विरोधियों को चौंका दिया, बल्कि इसे इलाके में ‘सिंह मेंशन’ की मजबूत वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।
​भगत सिंह चौक से स्टेशन रोड तक थमी रफ्तार
रविवार शाम को भगत सिंह चौक से शुरू हुई यह यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, एक विशाल हुजूम में तब्दील हो गई। कतरास की मुख्य सड़कों पर समर्थकों का ऐसा तांता लगा कि घंटों यातायात प्रभावित रहा। रास्ते भर समर्थकों ने महापौर संजीव सिंह पर फूलों की बारिश की और नारेबाजी से पूरा इलाका गूंज उठा। स्टेशन रोड पहुंचने तक यह यात्रा एक महारैली का रूप ले चुकी थी। जनसभा को संबोधित करते हुए संजीव सिंह ने कहा कि यह जनसैलाब इस बात का गवाह है कि जनता बदलाव और विकास चाहती है। आप सभी का स्नेह और अटूट विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। कतरास और बाघमारा के सर्वांगीण विकास के लिए मैं सदैव संकल्पित रहूं।
​राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो सांसद और विधायक के घरेलू मैदान में इस तरह का शक्ति प्रदर्शन आने वाले चुनावों की दिशा तय कर सकता है। जिस तरह से स्थानीय लोगों और पार्षदों का समर्थन संजीव सिंह को मिला, उसने बाघमारा के पुराने सियासी समीकरणों को चुनौती दे दी है। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व पार्षद विनायक गुप्ता ने किया। इस मौके पर डिप्टी मेयर अरुण चौहान, पार्षद छोटू सिंह, निरुपमा देवी, विनायक रागिनी गुप्ता, प्रभात मिश्रा, राजीव रंजन मिश्रा, मासूम खान, सोनू शर्मा समेत दर्जनों पार्षद और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *