डिप्टी मेयर के नेतृत्व में 55 पार्षदों ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, डीआरएम की भूमिका पर उठाए सवाल

लोयाबाद। धनबाद रेलवे प्रबंधन द्वारा मेयर संजीव सिंह को पहले निमंत्रण देने और फिर अंतिम समय पर मना करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को डिप्टी मेयर अरुण चौहान के नेतृत्व में 55 वार्डों के पार्षदों ने कनकनी स्थित उनके आवासीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटना पर गहरा रोष प्रकट किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने कहा, “रेलवे प्रबंधन ने धनबाद के प्रथम नागरिक सह मेयर संजीव सिंह को डीआरएम के आधिकारिक लेटर पैड पर निमंत्रण भेजा। इसके बाद बैनर से उनका नाम हटाकर उन्हें कार्यक्रम में आने से मना करना न केवल मेयर का, बल्कि धनबाद की पूरी जनता का अपमान है।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह मेयर की छवि धूमिल करने का एक सोचा-समझा प्रयास है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पार्षदों ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि आखिर किसके दबाव में आकर डीआरएम ने ऐसा कदम उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो रेलवे के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
पार्षद निसार आलम ने कहा कि जांच न होने की स्थिति में डीआरएम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में विरोध प्रदर्शन होगा।
पार्षद छोटू सिंह और डॉ. मधुबाला ने भी इस कृत्य की कड़ी आलोचना करते हुए इसे लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ बताया। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से छोटू सिंह, मो. निसार, रामेश्वर तुरी, सुनैना पासवान, गोविन्द राउत, मधुबाला देवी, बद्री रविदास, देवाशीष पासवान, जय कुमार, नाजिया परवीन, श्वेतमा राज, सुमन अग्रवाल, निरुपमा देवी, काजल देवी, इम्तियाज अंसारी, अलीम अंसारी, मुनीलाल रविदास, शमीम अख्तर और रश्मि राज सहित कई अन्य पार्षद मौजूद थे।
