धनबाद । धनबाद के फरार अपराधी गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार भागाबाँध ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह बस्ती के समीप प्रिंस खान के छह शूटरों के छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने अभियान चलाया।

इसी दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस खान के दो शूटर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अपराधी भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया, जिससे उसका पैर टूट गया। पुलिस ने मौके से तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए अपराधियों की पहचान विकी डोम, अफजल और अमन सिंह उर्फ कुबेर सिंह के रूप में हुई है। सभी का फिलहाल पुलिस कस्टडी में अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि अमन सिंह उर्फ कुबेर सिंह प्रिंस खान के सोशल मीडिया से जुड़े ऑडियो और वीडियो वायरल करने का काम करता था।

वहीं पकड़े गए सभी अपराधी हाल के दिनों में रांची में हुए एक रेस्टोरेंट में फायरिंग और धनबाद इकबाल खान के ड्राइवर पर गोलीबारी की घटना में भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल से पुलिस ने जिंदा बम, कई कारतूस, मोबाइल फोन समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मामले की जांच के लिए एफएसएल और बीडीडीएस की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।
यह कार्रवाई रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।
